अमेठीः पैसे के विवाद में मारपीट, चार घायल
August 06, 2026
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के रामनगर बाजार में बुधवार रात करीब 9 बजे पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में 11 वर्षीय शाहनवाज और 14 वर्षीय सहबान सहित दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हो गए। घायलों को सूचना पर पहुंची 112 पुलिस और 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी श्रीराम पांडे ने बताया कि दोनों पक्ष सब्जी लगाने का कार्य करते हैं। रात में उजाला करने के लिए जो लाइट लगाई जाती थी, उसे उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को पैसे देने के मुद्दे पर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। उनके अनुसार, दोनों पक्षों से दो-दो लोग घायल हुए हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना रात करीब 9 बजे की है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी रखी जा रही है।
