कमरौली: आगामी त्योहारों को लेकर कमरौली पुलिस अलर्ट, बाजारों में किया पैदल गश्त
August 10, 2026
कमरौली/अमेठी। आगामी त्योहारों श्रावण मास आदि के दृष्टिगत शांति, सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु पुलिस अधीक्षक अमेठी श्री सरवणन टी. के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में, “मिशन शक्ति” नारी सुरक्षा/नारी सम्मान/नारी स्वावलंबन के दृष्टिगत महिलाओं व बालिकाओं में सशक्तिकरण व विश्वास का वातावरण तथा आमजनमानस में विश्वास व सुरक्षा का वातावरण बनाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी तिलोई श्री दिनेश कुमार मिश्र द्वारा थानाक्षेत्र इन्हौना में एवं जनपद के कमरौली थाना पुलिस ने सोमवार को क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चैराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त किया। पुलिस टीम ने आमजन को सुरक्षा का एहसास कराने के साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ाई। पैदल गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने बाजारों में दुकानदारों और राहगीरों से संवाद कर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी कहा गया। कमरौली थाना प्रभारी मुकेश कुमार पटेल ने बताया कि श्रावण मास तथा आगामी त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। धार्मिक स्थलों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों पर नजर रखी जा रही है। कमरौली थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। अधिकारियों ने आमजन से पुलिस का सहयोग करने और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की।
