आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित ग्रांड ट्री में हरियाली तीज के पावन अवसर पर भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सभी महिलाएं एक ही रंग और परिधान में सजी-धजी नजर आईं, जिससे पूरा आयोजन सावन की हरियाली और भारतीय संस्कृति के रंग में रंगा दिखाई दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत तीज की शुभकामनाओं और पारंपरिक अंदाज के साथ हुई। इसके बाद महिलाओं ने सावन के गीतों पर जमकर नृत्य किया और डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में तंबोला, डांडिया, फैशन शो और क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया।
फैशन शो में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक कर भारतीय संस्कृति और नारी सौंदर्य की शानदार झलक पेश की। वहीं क्विज और तंबोला प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में रोमांच और उत्साह को और बढ़ा दिया। विजेता महिलाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि हरियाली तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और आपसी प्रेम का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से सभी बहनों को एक साथ मिलने, अपनी खुशियां साझा करने और एक-दूसरे के साथ यादगार पल बिताने का अवसर मिलता है। महिलाओं ने सभी बहनों से अपील की कि वे अपनी संस्कृति और त्योहारों को मिल-जुलकर पूरे उत्साह के साथ मनाएं और आने वाली पीढ़ी को भी भारतीय परंपराओं से जोड़ें।
कार्यक्रम में सावन के झूले, तीज के गीत, नृत्य और रंग-बिरंगे परिधानों ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। हंसी-खुशी और उल्लास के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। आयोजन के अंत में सभी महिलाओं ने मिलकर इस खूबसूरत शाम को यादगार बनाया और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।इस मोके पर संयोजिका पूनम मिश्रा, अमिता द्विवेदी, प्रियंका शर्मा, आरध्या, शकुन शर्मा, पूनम शर्मा, संगीता त्रिपाठी, दीपिका शर्मा, नव्या शर्मा, अंजना उपाध्याय, प्रिया सेंगर, दिव्या, अमिता द्विवेदी, नीतू सिंह, मंजेश परमार नीतू सिंह, अंजना, निशा दीक्षित, प्रियंका, स्वेता, शिवांगी, निकिता, शालू लावनिया, अल्पना, शालिनी पचैरी, राधिका चैधरी, शिवानी, स्नेहा रावत अनीता रानी विमला, दिव्या, प्रियंका झा, हर्षा माथुर, पूजा वर्मा आदि मौजूद रही।
