टीम इंडिया के वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में जाने का समीकरण
August 22, 2026
महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया बड़ी मुसीबत में है. अच्छी खबर यह है कि नीदरलैंड्स से हारने के बावजूद भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकती है, लेकिन बुरी खबर यह है कि भारत का आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से है. दूसरे राउंड के मैच में नीदरलैंड्स ने टीम इंडिया को 2-0 से हरा दिया था और अब भारत का आखिरी ग्रुप मैच 23 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया के साथ होना है.
दूसरे चरण में ग्रुप ई के मैच में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा, यह मुकाबला 23 अगस्त को भारतीय समयानुसार रात 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा. उससे पहले जान लीजिए कि भारतीय टीम अभी टेबल में सबसे निचले स्थान पर होने के बावजूद सेमीफाइनल में कैसे जा सकती है?
सबसे पहले पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो ग्रुप ई से नीदरलैंड्स 6 पॉइंट्स के साथ पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. चीन 2 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है, जिसका आखिरी मैच नीदरलैंड्स के साथ होना है. वहीं ऑस्ट्रेलिया तीसरे और भारत ग्रुप में चौथे और आखिरी स्थान पर है. ऑस्ट्रेलिया और भारत, दोनों के पास एक-एक अंक है.
नीदरलैंड्स और चीन का मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत से पहले हो चुका होगा. वही मुकाबला तय करेगा कि टीम इंडिया सेमीफाइनल में जा सकता है या नहीं. भारत को उम्मीद करनी होगी कि चीन को किसी हालत में नीदरलैंड्स पर जीत ना मिले. नीदरलैंड्स की चीन पर जीत या फिर उन दोनों का मुकाबला ड्रॉ रहता है, तभी भारतीय टीम की सेमीफाइनल की उम्मीद जीवित रह सकती है.
अगर नीदरलैंड्स को चीन पर जीत मिलती है, या फिर उनका मुकाबला ड्रॉ राहत है. उस स्थिति में भारत को सिर्फ ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा, जिससे उसके कुल अंक 4 हो जाएंगे. वहीं नीदरलैंड्स के साथ ड्रॉ खेलकर भी चीन अधिकतम 3 अंकों तक ही पहुंच पाएगा. इसलिए ऑस्ट्रेलिया पर जीतने मात्र से भारत सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा.
भारतीय टीम का सेमीफाइनल क्वालीफिकेशन पूरी तरह चीन के जीतने और हारने पर निर्भर करता है. चीन के हारने या उसका अगला मुकाबला ड्रॉ रहने पर ही टीम इंडिया हॉकी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल की उम्मीद जीवित रह सकती है. चीन को नीदरलैंड्स पर जीत मिलती है तो भारतीय टीम वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगी.
