गौरीगंज: अंकित हत्याकांडः पत्नी का बड़ा दावा! अगर मैं घर पर होती तो मेरी और मेरे बच्चों की भी कर दी जाती हत्या
August 05, 2026
गौरीगंज/अमेठी। अंकित हत्याकांड में अब मृतक की पत्नी का बयान सामने आने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है। पत्नी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि यदि घटना के समय वह अपने बच्चों के साथ घर पर होती, तो हमलावर उसकी और उसके बच्चों की भी हत्या कर देते। इस बयान के बाद पूरे क्षेत्र में एक बार फिर हत्याकांड को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। मृतक की पत्नी ने कहा कि जिस बेरहमी से उसके पति की हत्या की गई, उसे देखकर वह आज भी सदमे में है। उसने बताया कि घटना के समय वह बच्चों के साथ घर पर नहीं थी, जिससे उसकी और बच्चों की जान बच गई। उसका आरोप है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और किसी को भी नहीं छोड़ते। पत्नी ने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उसने कहा कि परिवार लगातार भय के माहौल में जी रहा है और बच्चों का भविष्य भी संकट में है। साथ ही उसने न्याय दिलाने की गुहार लगाते हुए कहा कि आरोपियों को ऐसी सजा मिले जिससे भविष्य में कोई इस तरह की वारदात करने का साहस न कर सके। गौरतलब है कि अंकित हत्याकांड में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति इस वारदात में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, मृतक की पत्नी के भावुक बयान ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। क्षेत्र के लोगों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश है और सभी दोषियों को शीघ्र एवं कठोर सजा दिए जाने की मांग की जा रही है।
