लखनऊ: केजीएमयू को बड़ी सौगातरू लखनऊ में खुला यूपी का पहला समग्र बोन एवं टिश्यू बैंक
August 03, 2026
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के अस्थि रोग विभाग में उत्तर प्रदेश के पहले समग्र बोन एवं टिश्यू बैंक का शुभारंभ कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि यह बैंक हड्डियों, लिगामेंट्स और टेंडन्स के वैज्ञानिक संकलन, प्रोसेसिंग, अल्ट्रा-लो टेम्परेचर डिप फ्रीजर में सुरक्षित भंडारण और वितरण के लिए पूरी तरह तैयार है। बोन ट्यूमर, जटिल फ्रैक्चर, स्पाइन व स्पोर्ट्स इंजरी, लिगामेंट रिकंस्ट्रक्शन और जॉइंट रिप्लेसमेंट जैसी जटिल सर्जरी में यह बेहद मददगार साबित होगा। अब मरीजों को अन्य राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही, एलोग्राफ्ट उपलब्ध होने से मरीज के शरीर से ही दूसरी हड्डी (ऑटोग्राफ्ट) निकालने की जरूरत कम होगी, जिससे अतिरिक्त चीरा, दर्द और रक्तस्राव से बचाव होगा। इसका लाभ केवल ऑर्थोपेडिक्स ही नहीं, बल्कि प्लास्टिक सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, कैंसर, बर्न और डेंटल विभाग के मरीजों को भी मिलेगा। वर्तमान में अंतिम नियामक स्वीकृतियां प्रक्रिया में हैं, जिसके पूर्ण होते ही अगले कुछ दिनों में यह सुविधा मरीजों के लिए शुरू कर दी जाएगी।
