शुकुलबाजार: विधायक सुरेश पासी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा! पांडेगंज से अंबेडकर तिराहे तक लहराया तिरंगा, देशभक्ति के नारों से गूंजा कस्बा
August 11, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। मंगलवार को जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश पासी के नेतृत्व में शुकुल बाजार कस्बे में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने पूरे मार्ग पर देशभक्ति का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा पांडेगंज से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर तिराहे तक पहुंची। यात्रा में शामिल लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम और देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। तिरंगों से सजा पूरा मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत भी किया। इस दौरान विधायक सुरेश पासी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश को आजादी दिलाई। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यात्रा में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे रास्ते देशभक्ति गीत और नारों की गूंज सुनाई देती रही। यात्रा के दौरान लोगों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया। तिरंगा यात्रा को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पांडेगंज से अंबेडकर तिराहे तक निकली इस यात्रा ने कस्बे में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल बना दिया। इस अवसर पर प्रधान संघ के अध्यक्ष सतीश मिश्रा,ग्राम प्रधान राजेश चैहान, रविंद्र सिंह,महेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान राकेश शर्मा, हरकेश तिवारी, सुरजीत यादव, रमेश तिवारी, शुभम, डॉक्टर ओंकार नाथ सिंह, उदय नारायण मिश्रा, आज सैकड़ो लोग तिरंगा यात्रा में शामिल रहे।
