Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका, जसप्रीत बुमराह टेस्ट सीरीज से बाहर


श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। BCCI की मेडिकल टीम ने उनकी फिटनेस को देखते हुए उन्हें फिलहाल आराम देने का फैसला किया है। बुमराह इस साल T20 वर्ल्ड कप के दौरान लगी बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और बोर्ड उनकी वापसी में किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।

रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह इंग्लैंड दौरे के दौरान खेले गए दूसरे ODI के बाद से गेंदबाजी नहीं कर पाए हैं। 16 जुलाई को कार्डिफ में खेले गए दूसरे ODI में फील्डिंग के दौरान उन्हें घुटने में चोट लगी थी, जिसके चलते वह लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और आखिरी ODI से भी बाहर हो गए थे।

इंग्लैंड दौरे के समाप्त होते ही BCCI की मेडिकल टीम ने उनके लंबे करियर को ध्यान में रखते हुए विशेष उपचार की योजना बनाई। इसी क्रम में बुमराह ने अपने घुटने में इंजेक्शन भी लिया और इस सप्ताह बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट कराया। मेडिकल टीम का मानना है कि अगर वह अभी गेंदबाजी शुरू करते हैं तो चोट दोबारा गंभीर हो सकती है, जिससे उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ सकता है। यही वजह है कि उन्हें श्रीलंका दौरे से बाहर रखने का फैसला किया गया। हालांकि, बुमराह की चोट की गंभीरता को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन यह साफ है कि सिलेक्टर्स और मेडिकल टीम उनके वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर बेहद सतर्क हैं। गौरतलब है कि IPL 2026 से पहले भी वह फिटनेस क्लियरेंस के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे थे। उन्होंने IPL में 13 मुकाबले खेले थे, लेकिन मुंबई इंडियंस के आखिरी मैच में हिस्सा नहीं लिया था।

बुमराह के बाहर होने से भारतीय टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पहले ही हर्षित राणा (हैमस्ट्रिंग), नीतीश कुमार रेड्डी (क्वाड्रिसेप्स), वॉशिंगटन सुंदर (हैमस्ट्रिंग) और आकाश दीप (पीठ की स्ट्रेस इंजरी) चोट के कारण टीम से बाहर हैं। इनमें से वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे, जबकि आकाश दीप लंबे समय से रिकवरी कर रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज हारने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने भी खिलाड़ियों की लगातार चोटों पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि यदि हर मैच के बाद कोई न कोई खिलाड़ी चोटिल हो रहा है तो यह टीम के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), बी साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |