बीसलपुरः जड़ी-बूटी से इलाज का झांसा देकर लाखों के आभूषण चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेवर बरामद
August 03, 2026
बीसलपुर। बिलसंडा थाना पुलिस ने जड़ी-बूटी से इलाज करने का झांसा देकर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव शीतलपुर मरोरी निवासी सुखविंदर सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रायपुर बिचपुरी निवासी अकीलुर्रहमान उनके घर जड़ी-बूटी से इलाज करने आया था। उसने परिजनों को विश्वास में लेकर आभूषण सुरक्षित रखने के बहाने एक स्थान पर रखवा दिए और मौका मिलते ही उन्हें लेकर फरार हो गया।मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए। थाना प्रभारी जगदीप मलिक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक सन्नी आर्य, हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल अभिषेक शामिल रहे।
