आगरा। शिव शक्ति महिला मंडल की ओर से हरियाली तीज के पावन अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सावन की हरियाली, लोकगीतों और पारंपरिक परिधानों से कार्यक्रम स्थल पूरी तरह तीज के रंग में रंगा नजर आया। महिलाओं ने एक जैसे परिधान पहनकर एकता, भाईचारे और आपसी प्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेवा भारती क्रीड़ा की अध्यक्ष रीना सिंह कुशवाह रहीं। उन्होंने सावन के मल्हार और पारंपरिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति से माहौल को भावुक कर दिया। विशेष रूप से देश की रक्षा में तैनात फौजी भाइयों को समर्पित गीत प्रस्तुत किया गया, जिसे सुनकर कार्यक्रम में मौजूद कई महिलाएं भाव-विभोर हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। फौजी भाइयों के त्याग और बहनों के स्नेह को समर्पित इस प्रस्तुति ने सभी का दिल छू लिया।
कार्यक्रम की संरक्षिका उर्मिला अग्रवाल ने महिलाओं के साथ नृत्य कर उत्सव में चार चांद लगा दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शक्ति उनकी एकजुटता में है। सभी बहनों को आपसी सहयोग, प्रेम और सद्भाव के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। उनके साथ महिलाओं ने सामूहिक नृत्य कर सावन की खुशियां साझा कीं।
हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं ने झूला, सावन के गीत, लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम में तीज के पारंपरिक गीतों की गूंज से माहौल उल्लासमय बना रहा। महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में अध्यक्ष कुमकुम गुप्ता, श्यामलता परमार, सुमन मित्तल, सीमा शर्मा, आशा पाराशर, कामिनी कुशवाहा, सुनीता अग्रवाल, इंदू सारस्वत, सुनीता गोयल, छाया पाठक, कृष्ण कुमार दत्ता, छाबड़ा जी, पीसी अग्रवाल, अजय गुप्ता, खंडेलवाल जी, रोहतास अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, महेश शर्मा, भूपेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं महिलाओं का आभार व्यक्त किया। हरियाली तीज का यह आयोजन सावन की खुशियों, भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और आपसी एकता का खूबसूरत संगम बन गया।
