सुल्तानपुर। हलियापुर सुल्तानपुर मार्ग स्थित गोमती नदी के कुड़वार पुल पर शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति के गोमती नदी में कूदने की आशंका से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुल पर एक चप्पल लावारिस अवस्था में मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कुड़वार थाना अध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया एक व्यक्ति के नदी में कूदने की आशंका है। उन्होंने पुष्टि की कि अज्ञात व्यक्ति की तलाश लगातार जारी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फिलहाल नदी में कूदने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और तलाश अभियान जारी है तथा आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
