Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुल्तानपुरः बल्दीराय में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भव्य आयोजन, 207 जोड़ों ने सात फेरे और निकाह के साथ शुरू किया नया जीवन


सुल्तानपुर । विकास खंड बल्दीराय परिसर शुक्रवार को उस समय उल्लास, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन गया, जब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 207 जोड़ों का विवाह एक ही मंच से संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में 205 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों से सम्पन्न हुआ, जबकि 2 मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपरा के अनुसार कराया गया।

एक ही मंच पर शहनाइयों की मधुर धुन, वैदिक मंत्रों की गूंज और निकाह की रस्मों ने गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की। नवविवाहित जोड़ों ने जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा वातावरण रहा और परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। इससे जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो रहा है और सरकार की जनकल्याणकारी सोच साकार हो रही है।

विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह ने सभी नवविवाहित दंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि यह योजना समाज में समानता और सामाजिक सद्भाव को भी मजबूत करती है।

इस अवसर पर जिला परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह, एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह, खंड विकास अधिकारी विमलेश चंद्र त्रिवेदी, एडीओ पंचायत दयावंत सिंह, एपीओ मनरेगा स्मिता सिंह, मनोज कुमार यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाल जायसवाल, आचार्य सूर्यभान पांडे, अवधेश दुबे, मुकेश अग्रहरि, राजधर शुक्ला, प्रधान मोहम्मद सम्मु, नायब तहसीलदार गुलाब सिंह, सीओ आशुतोष कुमार, थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह, आरजू नय्यर, एडीओ आईएसबी शिवकुमार, सचिव प्रदीप कुमार सिंह, एडीओ अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के इस सफल आयोजन ने न केवल सैकड़ों परिवारों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का भी प्रेरक संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |