शर्मनाक हार की कगार पर पाकिस्तान, दूसरे टेस्ट में भी इंग्लैंड की जीत कंफर्म
August 29, 2026
लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है. पहला टेस्ट बुरी तरह हारने वाली पाकिस्तान की टीम लॉर्ड्स में शर्मनाक हार की कगार पर है. पाकिस्तान के गेंदबाज और बल्लेबाज, दोनों इस टेस्ट में बुरी तरह फ्लॉप रहे. इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 290 रन बनाने के बाद पाकिस्तान को सिर्फ 110 रनों पर ढेर कर दिया. इस तरह इंग्लिश टीम को पहली पारी में 180 रनों की विशाल बढ़त मिली. इसके बाद दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक जो रूट की टीम ने 3 विकेट खोकर 81 रन बना लिए हैं. वहीं इंग्लैंड की कुल बढ़त 261 रनों की हो गई है.
पाकिस्तान अपनी पहली पारी में सिर्फ 37.2 ओवर में 110 रनों पर ऑलआउट हो गया. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि पाकिस्तान को सिर्फ दो बल्लेबाज ही डबल डिजिट स्कोर में पहुंच सके. ओपनर अजान अवैस ने 102 गेंदों पर 46 रन बनाए. वह पारी के शीर्ष स्कोरर रहे. इसके अलावा सऊद शकील 16, शान मसूद 1, अब्दुल्ला शफीक 5, बाबर आजम 8 और मोहम्मद रिजवान 7 रन बनाकर आउट हुए. इंग्लैंड के लिए तेज गेंदबाज ओली रॉबिनसन ने 13 ओवर में 11 रन देकर 4 विकेट, जोफ्रा आर्चर ने 11.2 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट और जोश टंग ने 6 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए.
इसके बाद दूसरी पारी में इंग्लैंड के लिए एमीलियो गे 69 गेंद में 30 रनों पर खेल रहे हैं. साथ में हैरी ब्रूक 13 गेंद में सात रन पर हैं. बेन डकेट 1, जॉर्डन कॉक्स 11 और कप्तान जो रूट 24 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं. पाकिस्तान के लिए खुर्रम शहजाद ने 26 रन देकर दो विकेट चटकाए हैं. वहीं मोहम्मद अली को एक सफलता मिली है.
इससे पहले तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान पारी और 103 रनों से हारा था. वहीं दूसरे टेस्ट में भी पाकिस्तान की हार लगभग तय हो चुकी है. यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है. ऐसे में इंग्लैंड को इस जीत से जबरदस्त फायदा होगा.
