सुलतानपुर । लम्भुआ जिलाधिकारी इंद्रजीत कुमार सिंह ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) लम्भुआ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम के अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की मौजूदगी तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने अस्पताल की विभिन्न समस्याओं और कमियों से संबंधित शिकायतें एवं सुझाव भी जिलाधिकारी के समक्ष रखे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए और जनता को भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे। निरीक्षण पूरा करने के बाद डीएम जिले के अन्य कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।
डीएम के इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई।
