तिलोई: गोमिया ड्रेन में डूबे युवक का शव बरामद
August 19, 2026
तिलोई/अमेठी। मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नहर एवं नइया नालों में छलांग लगाने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।गत एक माह के भीतर करीब आधा दर्जन इस तरह की घटनाओं के बीच एक और घटना प्रकाश में आई है।नागपंचमी के अवसर पर अहमदाबाद से अपनी ससुराल आए 35 वर्षीय सीताराम ने गोमिया ड्रेन में छलांग लगा दी थी। बुधवार को एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद सीताराम का शव बरामद कर लिया गया। थाना शिवरतनगंज क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर गांव निवासी सीताराम पुत्र राजाराम अहमदाबाद में रहता था। ग्रामीणों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से किसी बीमारी से ग्रस्त था।नागपंचमी पर वह मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र के खानापुर चपरा गांव स्थित पूरे तिवारी अपनी ससुराल आया हुआ था।ससुराल में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद सीताराम नाराज होकर घर से निकला और दौड़ते हुए पास ही बह रहे गोमिया ड्रेन में छलांग लगा दी।घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने पानी का तेज बहाव और गहराई होने के कारण एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली।लगातार चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार को सीताराम का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने जरुरी कानूनी कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज अग्रिम वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। बहरहाल क्षेत्र में लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में चिंता का महौल व्याप्त है।
