जल संरक्षण, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने दिए जरूरी निर्देश
पीलीभीत। जिले में तालाबों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की दिशा में प्रशासन ने नई पहल शुरू कर दी है। शनिवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने चुर्रासकतपुर पुलिस चैकी के समीप स्थित तालाब का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने इसे जल संरक्षण के साथ-साथ लोगों के लिए आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि तालाब केवल वर्षा जल संचयन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और भूजल स्तर बनाए रखने में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने संबंधित विभागों को तटबंध मजबूत कराने, पैदल मार्ग विकसित करने, समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा हरित वातावरण के लिए व्यापक पौधरोपण कराने के निर्देश दिए।उन्होंने तालाब की नियमित सफाई, गाद निकालने और जलधारण क्षमता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि वर्षा का अधिक से अधिक पानी संरक्षित किया जा सके।पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए तालाब के चारों ओर मजबूत रेलिंग या फेंसिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, इसलिए सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य इस स्थल को जल संरक्षण, स्वच्छता, हरित वातावरण और जनसुविधाओं का आदर्श मॉडल बनाना है, जिससे क्षेत्रवासियों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।
.jpg)