Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

वृंदावन में बीजेपी विधायक और डीएसपी में तीखी बहस, दी वर्दी उतरवाने की धमकी


हरियाली तीज पर्व के दौरान उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में वीआईपी हनक और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अलीगढ़ की कोल सीट से बीजेपी विधायक अनिल पाराशर और ड्यूटी पर तैनात डीएसपी अमित पाठक के बीच तीखी बहस हो रही है। आरोप है कि विधायक ने डीएसपी को वर्दी उतरवाने की धमकी दी।

जानकारी के अनुसार, वृंदावन में हरियाली तीज पर उमड़ी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सख्त किया था। सौ शैया तिराहे पर तैनात डीएसपी अमित पाठक ने विधायक अनिल पाराशर के काफिले की गाड़ियों को रोककर एंट्री मैसेज के संबंध में जानकारी मांगी। इस पूछताछ से नाराज होकर विधायक पुलिस क्षेत्राधिकारी पर भड़क गए।

वायरल वीडियो के अनुसार, विधायक ने सत्ता की हनक दिखाते हुए कर्तव्य पर तैनात डीएसपी के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने डीएसपी को उनकी हैसियत याद दिलाने और वर्दी उतरवाने तक की धमकी दे डाली। एक तरफ जहां आम श्रद्धालुओं को भीड़ नियंत्रण के चलते कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा व्यवस्था में जुटे जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के साथ जनप्रतिनिधि की इस बदसलूकी की सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हो रही है।

वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि विधायक और पुलिस अधिकारी के बीच बहस हो रही है। इस दौरान उनके कुछ समर्थक भी मौजूद हैं। वीडियो में दिख रहा है कि एक पुलिस अधिकारी विधायक और डीएसपी दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने की कोशिश कर रहा है।

अनिल पाराशर यूपी में बीजेपी के नेता हैं और वे अलीगढ़ ज़िले की कोल विधानसभा सीट से विधायक हैं। अनिल पाराशर का जन्म 5 सितंबर 1971 को अलीगढ़ में हुआ था। वह कोल सीट से 2017 में विधायक चुने गए थे। पार्टी ने 2022 के चुनाव में उन पर फिर से भरोसा जताया और जीत कर दोबारा विधानसभा पहुंचे। क्षेत्रीय राजनीति और अपने निर्वाचन क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए पहचाने जाने वाले अनिल पाराशर जनसेवा जुड़े रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |