मिर्जापुर: पानी निकासी बाधित होने से पचासों बीघा फसल जलमग्न,बेलहर मौजा के किसान परेशान
August 25, 2026
जमालपुर/मिर्जापुर। स्थानीय विकास खंड के ग्राम पंचायत-दौलताबाद के बेलहर मौजा में पानी निकासी बाधित होने से पचासों बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई है। किसानों का आरोप है कि पानी निकासी के रास्ते पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने से जल निकासी की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है।लगातार जलभराव के कारण खेतों में खड़ी फसल के सड़ने की आशंका से किसान चिंतित हैं।किसानों के अनुसार पिछले वर्ष भी इसी तरह जलभराव के कारण पूरी फसल बर्बाद हो गई थी। राजस्व विभाग द्वारा पूर्व में सर्वेक्षण किए जाने के बावजूद प्रभावित किसानों को अब तक कोई सहायता नहीं मिल सकी है। बाढ़ प्रभावित किसानों ने समस्या के समाधान और मुआवजे की मांग को लेकर शासन को प्रार्थना पत्र भी दिया था। इसके बावजूद न तो किसानों को मुआवजा मिला और न ही पानी निकासी के मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गय।किसानों का कहना है कि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो इस वर्ष भी उनकी मेहनत पर पानी फिर जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पानी निकासी के मार्ग को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। अन्न दाता मंच के संयोजक चैधरी रमेश सिंह ने कहा कि यदि तत्काल जल निकासी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो इस वर्ष भी जलभराव से फसल बर्बाद हो जाएगा,इसलिए संबंधित विभाग द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर तुरंत जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की जरूरत है।
