Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

गौरीगंज: बढ़ते ट्रैफिक दबाव पर उठी आवाज, डिवाइडर और वन-वे व्यवस्था की मांग


गौरीगंज/अमेठी। जिला मुख्यालय गौरीगंज में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर डिवाइडर निर्माण और व्यस्त समय में वन-वे व्यवस्था लागू करने की मांग उठी है। इस संबंध में राकेश तिवारी, गौ सांसद, गौरीगंज, अमेठी ने जिला प्रशासन से जनहित में तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिला मुख्यालय बनने के बाद गौरीगंज में सरकारी कार्यालयों, जिला चिकित्सालय, बाजार और शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों की आवाजाही में काफी वृद्धि हुई है, जबकि शहर की सड़क व्यवस्था अभी भी कस्बे के अनुरूप ही है। प्रतिदिन सुबह करीब 8 बजे तथा शाम 4 से 6 बजे के बीच मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ जाता है। मुंशीगंज रोड, जायस रोड और अमेठी रोड पर एक ही समय में स्कूली वाहनों, कलेक्ट्रेट, विकास भवन, जिला चिकित्सालय आने-जाने वाले कर्मचारियों, आम नागरिकों और बाजार में खरीदारी करने वाले लोगों की भीड़ जुटने से जाम की स्थिति बन जाती है। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया कि यातायात व्यवस्था के दबाव के चलते आए दिन छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सबसे अधिक चिंता स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई गई है। राकेश तिवारी ने प्रशासन से गौरीगंज के मुख्य मार्गों पर तत्काल डिवाइडर निर्माण, व्यस्ततम समय में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने तथा स्कूल समय में प्रमुख चैराहों पर ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |