लखनऊ। राजधानी के गढ़ी कनौरा क्षेत्र स्थित शक्ति बाल विद्यालय के संचालन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रेमवती नगर में संचालित इस विद्यालय को लेकर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को लिखित शिकायत भेजकर गंभीर आरोप लगाए है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि महज 700 वर्गफीट के किराये के मकान (मकान संख्यारू 283ध्711ध्063 सीध्12) में कक्षा 1 से 8 तक का विद्यालय चलाया जा रहा है। शिकायत में विद्यालय की मान्यता, भवन की जर्जर स्थिति और संचालन के लिए जरूरी सरकारी अनुमतियों पर सवाल उठाए गए हैं।
आरोप है कि उसी परिसर में किरायेदार और विद्यालय की प्रधानाचार्या रीना सिंह का आवास भी है। कक्षाओं में पर्याप्त पंखे और रोशनदान तक नहीं हैं, वहीं बच्चों के लिए प्रार्थना या गतिविधियों के लिए कोई हॉल या खुला मैदान भी उपलब्ध नहीं है।
हाल ही में शहर के कोचिंग सेंटरों, सचिवालय और जवाहर भवन में हुई आगजनी की घटनाओं का हवाला देते हुए स्थानीय निवासियों ने बच्चों की अग्नि एवं समग्र सुरक्षा व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की है। निवासियों का कहना है कि मासूम बच्चों की जान और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिकायत के माध्यम से विद्यालय की भूमि, भवन, मान्यता, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही प्रधानाचार्या रीना सिंह के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की अपील भी की गई है।
बड़ा सवाल यह है कि क्या स्थानीय प्रशासन, शिक्षा विभाग और एलडीए इस शिकायत का संज्ञान लेकर धरातल पर कड़े कदम उठाएंगे या फिर यह जांच भी सिर्फ कागजी कार्यवाइयों तक सीमित रह जाएगी?
