बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र में उचक्कों ने एक महिला को बातों में उलझाकर उसके सोने के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, उनकी गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।
फेफना थाना क्षेत्र के नसीराबाद गांव निवासी फूलवती देवी, पत्नी स्वर्गीय शिवपूजन पांडेय के अनुसार वह 1 अगस्त की दोपहर करीब दो बजे जिला चिकित्सालय में शुगर की जांच कराने के बाद ओवरब्रिज के नीचे से चित्तू पांडेय चैराहे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उनसे बातचीत करते हुए साथ चलने लगे और विश्वास में लेकर उन्हें बातों में उलझा लिया।
पीड़िता का आरोप है कि राजपूत फिजियोथेरेपी सेंटर के पास पहुंचने पर दोनों युवकों ने बहला-फुसलाकर उनके कान में पहने सोने के टॉप्स, गले का सोने का लॉकेट तथा पर्स में रखे 3,100 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। जब तक उन्हें घटना का एहसास हुआ, तब तक दोनों युवक मौके से गायब हो चुके थे।
पीड़िता ने बताया कि चोरी गए गहनों और नकदी की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये है। घटना की जानकारी तत्काल ओक्डेनगंज पुलिस चैकी को दी गई। इसके बाद परिजनों ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
रविवार को पीड़िता अपने पुत्र के साथ शहर कोतवाल से मिली और लिखित तहरीर देकर अज्ञात उचक्कों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, उनकी शीघ्र गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की। पुलिस का कहना है कि तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)