पिकनिक मनाने गए 3 दोस्त उफनाती नदी के टापू पर फंसे, 15 घंटे तक चली जिंदगी की जद्दोजहद
August 25, 2026
छत्तीसगढ़ के कोरबा में देवपहरी वाटरफॉल के पास नदी के तेज बहाव के बीच टापू पर फंसे तीन युवकों को करीब 15 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तीनों युवक पिकनिक मनाने के लिए देवपहरी वाटरफॉल पहुंचे थे। इसी दौरान भारी बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया और तीनों बीच नदी में बने टापू पर फंस गए।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक सोमवार शाम देवपहरी वाटरफॉल पहुंचे थे। इसी दौरान इलाके में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने लगा और पानी का बहाव तेज हो गया। देखते ही देखते तीनों युवक नदी के बीच टापू पर फंस गए और वहां से निकलना मुश्किल हो गया।
रात के अंधेरे और नदी के तेज बहाव के कारण उनका रेस्क्यू नहीं किया जा सका। तीनों ने पूरी रात टापू पर ही गुजारी। करीब 15 घंटे तक फंसे रहने के कारण युवक भूख-प्यास से परेशान हो गए और उनकी हालत खराब बताई जा रही थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पानी का बहाव कम होने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रस्सी के सहारे तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद तीनों युवकों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया। इस घटना के बाद प्रशासन ने बारिश के दौरान नदी और वाटरफॉल जैसे पर्यटन स्थलों पर जाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
