Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः बारिश बनी काल! जर्जर मकान ढहने से एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां खत्म, छह की मौत! महुली में रात दो बजे हुआ हादसा, डीएम-एसपी एडीजी व आईजी ने किया निरीक्षण, परिजनों को 26.20 लाख की सहायता


प्रतापगढ़। लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार देर रात कोतवाली नगर क्षेत्र के महुली गांव में ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे जिले को गमगीन कर दिया। करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान रात करीब दो बजे भरभराकर ढह गया। मलबे में दबने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में परिवार की तीन पीढ़ियां हमेशा के लिए खत्म हो गईं, जबकि घर का एक युवक किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

ग्राम महुली निवासी प्रमोद श्रीवास्तव पुत्र कामता प्रसाद का पुराना जर्जर मकान बुधवार रात अचानक ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। मकान गिरते ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से रात में ही राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता (55), पुत्र नितिन (25), पुत्रवधू माधुरी (23), एक वर्षीय पौत्र माधव और 10 माह के अद्विक उर्फ बाबू की मलबे में दबकर मौत हो गई। वहीं प्रमोद का बड़ा पुत्र अमन (28) सुरक्षित बाहर निकल आया।

घटना की सूचना पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने घटनास्थल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि मृतकों के आश्रितों को दैवीय आपदा राहत मद से प्रति मृतक चार लाख रुपये की दर से कुल 24 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इसके अलावा पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए 1.20 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना के तहत एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इस प्रकार पीड़ित परिवार को कुल 26.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

पुलिस ने सभी शवों का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि घटना से संबंधित सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।

लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी ने जिले के सभी अधिकारियों को जर्जर मकानों का सर्वे कराने और उनमें रह रहे लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


महुली हादसे के बाद एडीजी और आईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा


जिले में थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम महुली में जर्जर मकान गिरने से हुई हृदयविदारक दुर्घटना के बाद अपर पुलिस महानिदेशक (प्रयागराज जोन) ज्योति नारायण एवं पुलिस महानिरीक्षक (प्रयागराज परिक्षेत्र) अजय कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीजी एवं आईजी ने दुर्घटना में दिवंगत हुए सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |