लखनऊ। भारी बारिश के बावजूद राजधानी लखनऊ के यहियागंज स्थित श्री मूलचन्द रस्तोगी औषधालय में आयोजित निरूशुल्क चिकित्सा शिविर में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर के दौरान मात्र 4 घंटों में लगभग 150 मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस विशेष शिविर का उद्घाटन पद्मश्री डॉ. नवजीवन रस्तोगी द्वारा किया गया। शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी, दमा, मधुमेह, स्त्री रोग, नेत्र एवं न्यूरो रोग विशेषज्ञ शामिल रहे। डॉ. विनय मिश्र, डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ. अंशुमाला रस्तोगी, डॉ. मयंक गुप्ता और डॉ. आरसी गुप्ता समेत 8 अनुभवी डॉक्टरों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श दिया।कुल 106 मरीजों ने विभिन्न विशेषज्ञों से डॉक्टरी सलाह ली।38 मरीजों की निरूशुल्क पैथोलॉजी जांच की गई।
लखनऊ हरिश्चन्द्र वंशीय समाज के संरक्षक हरी जीवन रस्तोगी और महामंत्री प्रदीप रस्तोगी ने औषधालय के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक आयुर्वेदिक अस्पताल की शुरुआत वर्ष 1918 में जुगल किशोर रस्तोगी ने की थी। औषधालय में लगभग 80 वर्षों तक लगातार निरूशुल्क इलाज प्रदान किया गया। परिवार की डॉ. कमला रस्तोगी ने लगभग 60 वर्षों तक निस्वार्थ भाव से मरीजों को मुफ्त चिकित्सा सेवाएं दीं। कार्यकर्ताओं की कमी के कारण यह सेवा बीच में स्थगित हो गई थी, जिसे पुनः शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।
