सुल्तानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा बारामऊ निवासी 11 वर्षीय श्याम (पुत्र राजेश कुमार, पौत्र हरिप्रसाद) रविवार 2 अगस्त 2026 को शाम करीब 4रू30 बजे अपनी दादी से नाराज होकर घर से बिना बताए निकल गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पारा चैकी प्रभारी संजय कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ बालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की सक्रियता और सतर्कता के चलते कुछ ही समय बाद बालक मुसाफिरखाना रेलवे स्टेशन पर सकुशल मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने पिता के पास दिल्ली जाने के उद्देश्य से घर से निकला था।
पुलिस टीम बालक को सुरक्षित चैकी लेकर आई, जहां आवश्यक पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पारा चैकी प्रभारी संजय सिंह सहित पूरी पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और सराहनीय कार्यशैली के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें और किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
