Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

जन्मदिन का केक खाने के बाद 11 की बिगड़ी तबीयत! मचा हड़कंप


महाराष्ट्र के वसई के नालासोपारा में एक जन्मदिन समारोह के दौरान केक खाने के बाद 11 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया है। फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते सभी मरीजों को इलाज के लिए नालासोपारा स्थित विजयलक्ष्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी बीच केक के डिब्बे में मरी हुई छिपकली मिलने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

नालासोपारा पूर्व स्थित नीलकंठेश्वर इमारत में शुक्रवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम के लिए केक लाया गया था। केक खाने के कुछ ही समय बाद उपस्थित लोगों को जी मिचलाना, उल्टी और सिरदर्द जैसी तकलीफें शुरू हो गईं। तबीयत बिगड़ने पर रात करीब 8 बजे सभी को तत्काल विजयलक्ष्मी अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में भर्ती मरीजों में उर्मिला वर्मा (32), सलोनी गुप्ता (16), सुदीक्षा शाह (19), आफिया इद्रीस (24), रूबी शाह (40), शिव गुप्ता (10), प्रियांश वर्मा (2), परी यादव (7), प्रिया वर्मा (8), रुद्र शाह (13) और प्राची यादव (8) शामिल हैं।

विजयलक्ष्मी अस्पताल की संचालिका डॉक्टर विद्या सावंत ने बताया कि अस्पताल में कुल 11 मरीज उपचार के लिए लाए गए हैं। इनमें 7 बच्चे और 4 वयस्क शामिल हैं। इनमें से 3 मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जबकि अन्य मरीजों का इलाज जनरल वार्ड में चल रहा है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर है। केक खाने के बाद बीमार हुए बच्चों के परिजन काफी हैरान रह गए। बच्चों के साथ वह भी अस्पताल में पहुंचे। डॉक्टरों से परामर्श ले रहे हैं।

इस घटना के बाद खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और खाद्य सुरक्षा जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) तथा संबंधित प्रशासन की जांच और आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही इस घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |