सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से जनपद के 10 विकास खंडों के 900 परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित हो रही हैं। संपर्क फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई इस व्यवस्था में एनईपी-2020 आधारित डिजिटल सामग्री, एनीमेशन, वीडियो और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाया जा रहा है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि एसटीवी डिवाइस इंटरनेट के बिना संचालित होती है और एनसीईआरटी-एससीईआरटी अनुमोदित सामग्री उपलब्ध कराती है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से गणित, विज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी जैसे विषयों को सरल और रोचक बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षण से विद्यार्थियों की उपस्थिति, सहभागिता और सीखने की क्षमता में सुधार हुआ है। स्मार्ट क्लास शुरू होने के बाद बच्चों का पढ़ाई के प्रति उत्साह भी बढ़ा है। यह पहल सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
