Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बेटी हुई तो पत्नी को जहर देकर मार डाला! कानपुर में पति फरार


उत्तर प्रदेश के कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि बेटी के जन्म के बाद उसका पति लगातार प्रताड़ित करता था और आखिरकार मारपीट करने के बाद उसे जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान बिहार के लहारी तौरिया भगवानपुर निवासी रिंकू उर्फ रंजू कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी 11 मार्च 2025 को कानपुर के गोपाल नगर निवासी ऑटो चालक पंकज से हुई थी। शादी के बाद दोनों गोविंद नगर में रह रहे थे। परिवार में पति के अलावा उसकी मां और बहन भी साथ रहती हैं।

मृतका के भाई विकास ने आरोप लगाया कि करीब चार महीने पहले रंजू ने एक बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद से पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह आए दिन बहन के साथ मारपीट करता था और बेटी होने को लेकर ताने देता था। कई बार समझाने के बावजूद उसकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया।

परिजनों का आरोप है कि मंगलवार को भी रंजू के साथ मारपीट की गई थी। बुधवार शाम फिर विवाद हुआ और पति ने पहले उसके साथ मारपीट की, फिर जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद आरोपी घर से फरार हो गया। घटना के समय घर में सास और ननद मौजूद थीं, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य काम पर गया हुआ था।

देर शाम रंजू की तबीयत बिगड़ने पर उसे हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष कानपुर पहुंचा और अस्पताल के साथ-साथ पोस्टमार्टम हाउस में जमकर विरोध जताया। परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

गोविंद नगर थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध हालात में मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार पति की तलाश में भी जुट गई है। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |