प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन देकर निराश्रित व घायल गोवंश को सुरक्षित गोशालाओं में भेजने की उठाई मांग
बीसलपुर। क्षेत्र में निराश्रित और घायल गोवंशीय पशुओं की सुरक्षा को लेकर सोमवार को अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडे को सौंपते हुए गोवंश की सुरक्षा, उपचार और उचित संरक्षण की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि बीसलपुर तहसील क्षेत्र में बड़ी संख्या में गोवंशीय पशु खुलेआम सड़कों और खेतों के आसपास असुरक्षित स्थिति में घूम रहे हैं। कई पशु खेतों की अरावाले (कंटीले) तारों में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं और समय पर उपचार न मिलने के कारण लंबे समय तक पीड़ा झेलते रहते हैं। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि ऐसे घायल पशुओं के उपचार की तत्काल व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित गोशालाओं अथवा संरक्षित स्थलों तक पहुंचाया जाए। हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि गोवंश की सुरक्षा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और प्रशासनिक जिम्मेदारी का भी प्रश्न है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो घायल और निराश्रित पशुओं की संख्या लगातार बढ़ती जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के अध्यक्ष सुशील अवस्थी, महामंत्री अवनीश रतन, युवा अध्यक्ष दीपक मौर्य, अनु वर्मा, बाबा श्याम शंकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
