कुंडा/प्रतापगढ। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के भिटवा जमेठी गांव में एक सप्ताह पूर्व हुई सनसनीखेज लूट और मारपीट की वारदात ने अब हत्या का रूप ले लिया है। बदमाशों की बेरहमी का शिकार हुए वृद्ध रामलखन जायसवाल ने शुक्रवार रात लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शनिवार को उनका शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए स्पष्ट किया है कि अब दर्ज मुकदमे में हत्या की संबंधित धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी।
एक सप्ताह पहले देर रात बदमाशों ने भिटवा जमेठी गांव स्थित रामलखन जायसवाल के घर में धावा बोल दिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने रामलखन और उनकी पत्नी सूर्यकली के साथ बेरहमी से मारपीट की तथा नकदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल दंपती को पहले कुंडा सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्रयागराज के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। रामलखन की हालत लगातार नाजुक बनी रहने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर लूट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। फोरेंसिक टीम, सर्विलांस सेल और क्राइम ब्रांच ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए थे। जांच के दौरान पुलिस ने लूटकांड में शामिल कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या की संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी। मामले की विवेचना जारी है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
.jpg)