Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न


अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित पूर्वदशम् छात्रवृत्ति (कक्षा 9-10) तथा दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति (कक्षा 11-12) योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को राजकीय हाईस्कूल गौरीगंज में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी की अध्यक्षता में शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्यों एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने शासन द्वारा जारी समय-सारिणी से अवगत कराते हुए बताया कि संस्थाओं द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने एवं प्रोफाइल अपडेट करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित की गई है। वहीं कक्षा 10 एवं 12 के नवीनीकरण संबंधी छात्रवृत्ति आवेदनों के ऑनलाइन आवेदन एवं अग्रसारण की अंतिम तिथि 25 अगस्त तय की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार इस बार निर्धारित तिथियों में किसी प्रकार की बढ़ोत्तरी नहीं की जाएगी, इसलिए सभी संस्थाएं समयबद्ध ढंग से कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास मौर्या ने छात्रवृत्ति प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ओटीआर, बायोमैट्रिक सत्यापन, विद्यार्थियों के बैंक खातों की एनपीसीआई मैपिंग तथा संस्थागत स्तर पर गठित छात्रवृत्ति समिति की स्वीकृति के उपरांत ही आवेदनों के निस्तारण संबंधी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड समीक्षा में जनपद की बेहतर रैंकिंग बनाए रखने के लिए प्रत्येक माह प्राप्त होने वाले आवेदनों का उसी माह की अंतिम तिथि से पूर्व निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक के दौरान उपस्थित प्रधानाचार्यों एवं नोडल अधिकारियों की समस्याओं को सुनते हुए उनका समाधान भी बताया गया। जिला समन्वयक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अमेठी ने छात्रवृत्ति से संबंधित बैंक खातों एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास मौर्या, समाज कल्याण अधिकारी रामनगीना यादव, जिला समन्वयक स्टेट बैंक अमेठी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्य एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |