Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठी: तपेश्वर नाथ धाम पीढ़ी में किया गया जलाभिषेक! श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा


अमेठी। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजय चैहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने सोमवार को तहसील तिलोई क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध तपेश्वर नाथ धाम मंदिर पीढ़ी का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर के पुजारियों एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों से वार्ता कर श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों की साफ-सफाई, जल निकासी तथा सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई समय रहते पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखने एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल को सक्रिय रखने को कहा। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |