पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट पारा थाना क्षेत्र में एक उप-निरीक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे लॉक कार के अंदर मिला। वहीं थाना गाजीपुर की चैकी सर्वोदय नगर पर नियुक्त उपनिरीक्षक अजय कुमार बैच वर्ष-2020 के संबंध में पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि वह बीते दिवस दोपहर के बाद से चैकी के संपर्क में नहीं हैं और चैकी पर नियुक्त पुलिसकर्मियों द्वारा उनसे कई बार दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर पुलिस को फोन की लोकेशन थाना पारा क्षेत्रान्तर्गत बुद्धेश्वर मोहन रोड के पास प्राप्त हुई। वहीं फोन की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां सड़क किनारे एक सेंट्रो कार खड़ी मिली, जिसके अंदर उपनिरीक्षक अजय कुमार अचेत अवस्था में पड़े दिखाई दिये। वहीं मोहान चैकी प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी मय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन कार अंदर से लॉक होने के कारण पुलिस ने आवश्यक वीडियोग्राफी कराते हुए वाहन का शीशा तोड़कर गेट खोला बाहर निकाला, उपनिरीक्षक अजय कुमार को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया उनके शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए, जबकि नाक से रक्तस्राव होना पाया गया। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं मृतक उपनिरीक्षक अजय कुमार मूल रूप से जनपद हापुड़ के निवासी थे और पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस आयुक्त पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का निर्धारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक परीक्षण एवं अन्य प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी और नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
