Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

जन सुराज नेताओं की हिरासत पर भड़के प्रशांत किशोर, कहा- "बीजेपी के इशारे पर काम कर रही पुलिस


बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इस बीच, जन सुराज के संस्थापक और पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार शाम से देर रात तक जन सुराज के 16 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने परेशान किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने न तो औपचारिक रूप से गिरफ्तारी दर्ज की और न ही यह बताया कि उन्हें किस आरोप में हिरासत में लिया गया।

प्रशांत किशोर ने कहा कि हिरासत में लिए गए नेताओं को पहले अलग-अलग थानों में रखा गया और बाद में उन्हें दानापुर ले जाया गया। जब मीडिया और पार्टी के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो उन्हें फिर शाहपुर थाना शिफ्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने कानून का उल्लंघन किया है, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए, लेकिन बिना किसी स्पष्ट आरोप के नेताओं को हिरासत में रखना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस राजनीतिक दल की तरह काम कर रही है और बीजेपी एवं राज्य सरकार की मदद करने के उद्देश्य से जन सुराज के कार्यकर्ताओं को चुनावी गतिविधियों से दूर रखने की कोशिश कर रही है। किशोर ने कहा कि जिन लोगों को हिरासत में लिया गया, उनमें से कम से कम 10 नेता पटना के ही रहने वाले हैं और उन्हें रात में उनके घरों से उठाया गया।

उन्होंने आगे कहा कि दो दिनों तक उन्होंने घर-घर जाकर पैसे बांटे। बिहार के बच्चों के भविष्य का मूल्यांकन प्रति वोट मात्र 1,000 से 1,500 रुपये किया। फिर भी, कुछ काम नहीं आया। जब पैसे की पेशकश किए जाने के बाद भी लोग टस से मस नहीं हुए, तो उन्होंने कल पुलिस का इस्तेमाल कर जन सुराज के नेताओं को परेशान किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता रात 3:00 बजे तक थाने में बैठे रहे, लेकिन इससे जन सुराज के चुनाव अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मतदान की शुरुआत हो चुकी है और प्रत्येक बूथ पर पार्टी के पोलिंग एजेंट मौजूद हैं।

इस दौरान प्रशांत किशोर ने भाजपा द्वारा फर्जी मतदान रोकने के लिए EPIC (मतदाता पहचान पत्र) की सख्त जांच की मांग का स्वागत भी किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद बीजेपी ने एक सकारात्मक कदम उठाया है और जन सुराज इसका समर्थन करता है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने पूरे विश्वास के साथ कहा, "200 प्रतिशत हम चुनाव जीतने जा रहे हैं।"

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |