अमेठीः तालाब में डूबने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
July 30, 2026
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के नुवावां गांव स्थित खेमा के तालाब में बुधवार शाम भैंस निकालने के दौरान मां-बेटे की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, नुवांव गांव निवासी गीता विश्वकर्मा (40) पत्नी रमेश विश्वकर्मा का बड़ा बेटा दीपक (19) भैंस चराने गया था। बताया जा रहा है कि भैंस तालाब के पानी में चली गई। उसे निकालने के लिए दीपक तालाब में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। बेटे को डूबता देख मां गीता उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गईं, लेकिन वह भी डूब गईं। इसी दौरान परिवार का सबसे छोटा बेटा आदर्श (14) दोनों को बचाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन वह भी डूबने लगा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह आदर्श को बाहर निकाल लिया, जबकि गीता और दीपक को बाहर निकालकर निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतका के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा दीपक की हादसे में मौत हो गई, दूसरा बेटा पंकज (19) दो माह पहले अहमदाबाद काम करने गया था, जबकि छोटा बेटा आदर्श बच गया। मृतका की एक विवाहित पुत्री अंजली भी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
