Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रुद्रपुरः विश्वकर्मा मार्केट के दुकानदारों की प्रशासन से गुहार, दुकानें खाली करने के लिए मांगा एक सप्ताह का समय


रुद्रपुर। किच्छा बाईपास रोड स्थित रोडवेज के समीप श्री विश्वकर्मा मार्केट के लगभग 50 दुकानदार सोमवार को एडीएम कौस्तुभ मिश्रा से मिले और प्रशासन से दुकानें खाली करने के लिए कम से कम एक सप्ताह का समय देने की मांग की। दुकानदारों का कहना है कि बिना पर्याप्त समय दिए कार्रवाई किए जाने से उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

दुकानदारों ने बताया कि वे पिछले करीब 50 वर्षों से इन दुकानों में छोटे-छोटे कारोबार कर अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनका कहना है कि नगर पालिका के तत्कालीन अध्यक्ष स्वर्गीय सुभाष चतुर्वेदी के कार्यकाल में दुकानों का आवंटन किया गया था। उस समय तहबाजारी शुल्क भी निर्धारित किया गया और विद्युत विभाग की ओर से विधिवत बिजली कनेक्शन एवं मीटर लगाए गए थे। तब से वे नियमित रूप से अपना व्यवसाय संचालित करते आ रहे हैं।

दुकानदारों का आरोप है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर 4 जुलाई 2026 की शाम विद्युत विभाग ने सभी दुकानों की बिजली काट दी, जिससे पूरा बाजार अंधेरे में डूब गया। उनका कहना है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि प्रशासन जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा और यदि उन्होंने स्वयं दुकानें खाली नहीं कीं तो पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण किया जाएगा।

व्यापारियों का कहना है कि वर्षाकाल के बीच अचानक बिजली काटे जाने और दुकानें खाली करने के निर्देश से उनके सामने भारी आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उनके पास न तो सामान सुरक्षित रखने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था है और न ही तत्काल रोजगार का दूसरा साधन।

दुकानदारों ने बताया कि रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा ने उन्हें प्रशासन से समय मांगने की सलाह दी थी। इसी क्रम में सभी व्यापारियों ने एडीएम कौस्तुभ मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर मानवीय आधार पर कम से कम एक सप्ताह का समय देने की मांग की, ताकि वे अपना सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और आगे की व्यवस्था करने का अवसर प्राप्त कर सकें।

ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से राकेश सिंह, अनिल चैहान, जेबी सिंह, दुर्गेश मौर्य, राजेश वंशल, सलविंदर सिंह, राकेश शर्मा, अनिल प्रजापति, राकेश मदान, राधेश्याम प्रसाद, बद्रपाल, रामपू पांडेय, जगदीश, अतुल, सनी, विशाल, सुरेंद्र प्रकाश अनेजा, मदनलाल, अंकित, विक्रम भादव, विदिन बाल, राजेश सहित बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे।।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |