Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः जियो ट्रैकिंग में लापरवाही पर डीएम सख्त, अनुपस्थित बीईओ का वेतन रोकने के आदेश! हर ब्लॉक के दो स्कूलों में लगेंगे औषधीय पौधे, महर्षि चरक के ज्ञान से भी रूबरू होंगे विद्यार्थी


बलिया। शासन की प्राथमिकता वाले वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब अधिकारियों पर भारी पड़ेगी। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने वृक्षारोपण की जियो ट्रैकिंग में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं बैठक से अनुपस्थित रहने पर बलिया नगर के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) का वेतन रोकने के आदेश भी दिए।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति, जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि पांच विभागों द्वारा लगाए गए पौधों की जियो ट्रैकिंग शत-प्रतिशत पूरी नहीं हुई है। इस पर उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल जियो ट्रैकिंग पूर्ण कर रिपोर्ट प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जिला गंगा समिति की बैठक में डीएम ने जिले के सभी नालों की भी जियो ट्रैकिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि उनकी नियमित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

जिला पर्यावरण समिति की बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक विकास खंड से दो विद्यालयों का चयन कर वहां औषधीय पौधों का रोपण कराया जाए। विद्यार्थियों को आयुर्वेद के जनक महर्षि चरक तथा औषधीय पौधों के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में भी औषधीय पौधे लगाए जाएंगे।

बैठक में बलिया नगर के बीईओ के अनुपस्थित मिलने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में डीएफओ, बीएसए मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |