Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

फर्रुखाबाद: ओवरस्पीडिंग वाहन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश-जिलाधिकारी


फर्रुखाबाद।जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा की स्थिति, दुर्घटनाओं के कारणों, प्रवर्तन कार्यवाहियों तथा दुर्घटना नियंत्रण हेतु किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने बताया कि जून माह में जनपद फर्रूखाबाद में वर्ष 2025 के दौरान कुल 53 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 23 लोगों की मृत्यु हुई। जून 2026 में कुल 37 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 15 लोगों की मृत्यु हुई। सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 30.20 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 34.80 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। 

बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन)  सुभाष राजपूत ने बताया कि वर्ष 2026 में जून माह तक हुई 251 सड़क दुर्घटनाओं में से 161 दुर्घटनाओं में कम से कम एक वाहन दोपहिया था। इन दुर्घटनाओं में 103 दोपहिया सवारों की मृत्यु हुई तथा 125 लोग घायल हुए। कुल सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी 64.14 प्रतिशत तथा मृतकों में दोपहिया सवारों की हिस्सेदारी 68.21 प्रतिशत रही। 21 दुर्घटनाओं में दोनों वाहन दोपहिया थे, जिनमें 21 लोगों की मृत्यु तथा 27 लोग घायल हुए। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का प्रयोग न करना दुर्घटनाओं में मृत्यु का प्रमुख कारण बन रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2025 में 50801 चालान किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में माह जून तक ही 48311 चालान किए जा चुके हैं। 

बैठक में हिट एंड रन दुर्घटनाओं की समीक्षा भी की गई। बताया गया कि वर्ष 2026 में जून माह तक जनपद में 51 हिट एंड रन दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 44 लोगों की मृत्यु तथा 19 व्यक्ति घायल हुए हैं। वर्ष 2025 में ऐसी 109 दुर्घटनाओं में 89 लोगों की मृत्यु तथा 81 लोग घायल हुए थे।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट के अतिरिक्त अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों की भी पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाई जा सके। उन्होंने सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक रूप से संचालित करने पर भी बल दिया।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी  ने कहा कि टोल प्लाजा एवं राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने रामगंगा पुल, पांचाल घाट पुल तथा अन्य स्वीकृत परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

पुलिसअधीक्षक ने एन0एच0ए0आई को निर्देश दिये कि कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगी लाइटों का सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित करें, ताकि कोई दुर्घटना घटित न हो। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर नालों की सफाई सुनिश्चित करायें ताकि जल भराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक  गिरीश सिंह, सी0ओ0 मोहम्मदाबाद  अजय वर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० आर0सी0माथुर, जिला विद्यालय निरीक्षक  संजीव कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी  वी.पी. सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता  मुरलीधर एवं  अशोक कुमार, एआरटीओ (प्रवर्तन)  सुभाष राजपूत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका  विनोद कुमार, टीआई  ओमप्रकाश पाण्डेय, रोल आउट मैनेजर दीपक कुमार सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |