मंत्री मिथिलेश तिवारी ने CO की लगाई क्लास, दिया 12 घंटे का अल्टीमेटम
June 17, 2026
बिहार में चल रहे सहयोग शिविर के बीच गोपालगंज के बैकुंठपुर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी एक अधिकारी की जमकर क्लास लगाते नजर आ रहे हैं। मंत्री ने न सिर्फ अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए, बल्कि लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दे डाली।
दरअसल, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी अपने विधानसभा क्षेत्र बैकुंठपुर में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मंच पर गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इसी बीच बैकुंठपुर के CO द्वारा सहयोग शिविर में आवेदनों के निस्तारण को लेकर जानकारी दी जा रही थी।
अधिकारी की बात सुनते ही शिक्षा मंत्री नाराज हो गए और माइक संभालते हुए जमकर फटकार लगा दी। मंत्री ने कहा कि जनता के आवेदनों को केवल कागजों पर डिस्पोज दिखाने का खेल अब नहीं चलेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि काम नहीं कर सकते हैं तो इस्तीफा देकर चले जाइए, सरकार को ऐसे अधिकारियों की जरूरत नहीं है।
मंत्री ने अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि "दीपावली के दिन ही लक्ष्मी जी को याद कीजिएगा, उससे पहले याद किया तो हमसे बुरा कोई नहीं होगा। अपने अधीनस्थ सभी लोगों को बता दीजिए कि इस मामले में किसी की पैरवी नहीं चलेगी।"
