बरखेड़ा/पीलीभीत। प्रतिभा, परिश्रम और अनुशासन का अद्भुत संगम बनकर उभरीं बरखेड़ा की बेटी खुशी मित्तल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की योग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पीलीभीत का नाम रोशन किया है। बजाज एनर्जी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अमित मित्तल की पुत्री एवं लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा खुशी मित्तल ने नई दिल्ली में आयोजित एशियन योग टीम चैंपियनशिप में ‘चैंपियन ऑफ द चैंपियंस’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।21 और 22 जून को एशियन सिख गेम्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच खुशी मित्तल ने अपनी लचक, संतुलन, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्टिस्टिक सोलो तथा आर्टिस्टिक पेयर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते। इसके साथ ही उन्होंने अपनी आयु वर्ग की ट्रेडिशनल आसन स्पर्धा में रजत पदक हासिल कर अपनी सफलता में एक और उपलब्धि जोड़ दी।प्रतियोगिता में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर निर्णायक मंडल ने खुशी को ‘चैंपियन ऑफ द चैंपियंस’ की ट्रॉफी से सम्मानित किया। यह सम्मान प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिसे प्राप्त कर खुशी ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है।
खुशी मित्तल ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी योग प्रशिक्षक राखी सरकार के मार्गदर्शन, माता-पिता के निरंतर प्रोत्साहन तथा अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। भविष्य में भी वह योग के क्षेत्र में देश का प्रतिनिधित्व कर और बड़ी उपलब्धियां हासिल करना चाहती हैं।खुशी की इस उपलब्धि पर बजाज एनर्जी परिवार में भी हर्ष का माहौल है। खेल प्रेमियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि खुशी की सफलता जिले के अन्य बच्चों और युवा खिलाड़ियों को भी खेल एवं योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।योग जैसी भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने में युवा प्रतिभाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में खुशी मित्तल की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है।
