Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

टीम इंडिया ने फिर चटाई पाकिस्तान को धूल, हॉकी प्रो लीग में हरमनप्रीत ब्रिगेड की शानदार जीत


एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एक रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 4-3 से हराकर शानदार जीत दर्ज की है. कप्तान हरमानप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम ने लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने चिर प्रतिद्वंद्वी को मात दी. हाल के वर्षों की तरह इस बार भी भारत पाकिस्तान पर भारी पड़ा है. भारत इस मुकाबले में ओलंपिक चैंपियन निदरलैंड्स को हराने के बाद उतरा था और टीम ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा. भारत की ओर से अभिषेक (22वां मिनट), नीलकांत शर्मा (24वां मिनट), सुखजीत सिंह (40वां मिनट) और राजिंदर सिंह (52वां मिनट) ने गोल किए. वहीं पाकिस्तान के लिए नदीम अहमद, अबू महमूद और मोइन शकील ने गोल दागे.

मुकाबले की शुरुआत पाकिस्तान के लिए शानदार रही. पहले क्वार्टर के आठवें मिनट में नदीम अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पाकिस्तान को 1-0 की बढ़त दिला दी. हालांकि भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और कई मौके बनाए, लेकिन शुरुआती क्वार्टर में बराबरी का गोल नहीं कर सकी. दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. 22वें मिनट में अभिषेक ने रिबाउंड पर गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया. इसके दो मिनट बाद नीलकांत शर्मा ने शानदार फील्ड गोल दागकर भारत को बढ़त दिला दी. हाफटाइम तक भारतीय टीम 2-1 से आगे थी.

तीसरे क्वार्टर में भारत की ओर से सुखजीत सिंह ने बेहतरीन व्यक्तिगत कौशल का प्रदर्शन करते हुए शानदार गोल किया और बढ़त 3-1 कर दी. चौथे क्वार्टर में राजिंदर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की और दो गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन भारतीय टीम ने अंत तक बढ़त बनाए रखी और 4-3 से जीत अपने नाम कर ली.

भारत और पाकिस्तान के बीच पुरुष हॉकी में हमेशा से कड़ी प्रतिस्पर्धा रही है. कुल मुकाबलों में पाकिस्तान ने 82 जीत दर्ज की हैं, जबकि भारत के खाते में 68 जीत हैं. हालांकि पिछले दस वर्षों में तस्वीर पूरी तरह बदल गई है. पिछले एक दशक में दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में भारत का दबदबा देखने को मिला है. भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ लगातार 18 मैचों से अपराजित है, जिसमें 16 जीत और 2 ड्रॉ शामिल हैं.

इस जीत के साथ भारतीय टीम एफआईएच प्रो लीग 2025-26 की अंक तालिका में 13 मैचों में तीन जीत के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गई है. दूसरी तरफ पाकिस्तान की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है और टीम अपने सभी 13 मुकाबले हारकर तालिका में सबसे नीचे है. भारतीय टीम को लंदन चरण में पाकिस्तान के खिलाफ एक और मुकाबला खेलना है, जबकि इसके बाद दो मैच मेजबान इंग्लैंडके खिलाफ भी खेलने हैं.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |