कन्नौज। बाल श्रम उन्मूलन एवं बच्चों के अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज जिला न्यायालय, श्रम विभाग तथा व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में लाखन चैराहा क्षेत्र की विभिन्न बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर व्यापक बाल श्रम मुक्त जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान में व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष श्री रामजी अग्रवाल एवं व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान दुकानदारों, व्यापारियों एवं आमजन को बाल श्रम के दुष्परिणामों तथा बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मानजनक बचपन उपलब्ध कराने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतिष्ठानों पर बाल श्रम निषेध संबंधी स्टीकर एवं पम्पलेट वितरित एवं चस्पा किए गए। साथ ही बाल अधिकार सहयोगी सुश्री शिवानी गुप्ता द्वारा उपस्थित व्यापारियों एवं नागरिकों को बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम तथा बाल अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि बाल श्रम न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षिक विकास में भी बाधक है।
अभियान के दौरान व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर किसी भी बालक से कार्य न कराने तथा बाल श्रम की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करने की अपील की गई। उपस्थित लोगों ने बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प भी लिया।
जागरूकता अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हर बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य का अधिकार है तथा बाल श्रम मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
.jpg)