Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय किया -कॉकरोच जनता पार्टी


शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के एक दिन बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने कहा कि अगर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से नहीं हटाया गया या उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया, तो आंदोलन को देशव्यापी रूप दिया जाएगा. दीपके ने साफ कहा कि यह विरोध प्रदर्शन यहीं समाप्त नहीं होगा और आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा.

प्रदर्शन के बाद जारी बयान में अभिजीत दीपके ने आंदोलन में शामिल हुए सभी लोगों का आभार जताया. उन्होंने इस प्रदर्शन को ऐतिहासिक और पूरी तरह शांतिपूर्ण बताया. दीपके ने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी प्रदर्शन में शामिल हुए, जिन्होंने पहली बार किसी आंदोलन में भाग लिया और शिक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है. उनके अनुसार, शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर एक पूरी पीढ़ी प्रभावित हुई है और इसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए.

अभिजीत दीपके ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय किया है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले सात दिनों के भीतर मंत्री पद से हटाए जाने या इस्तीफा देने की कार्रवाई नहीं होती है, तो आंदोलन को जमीन पर और व्यापक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा. दीपके ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर लोगों को आगे की रणनीति बताने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लाइव आकर संबोधित करेंगे.

जंतर-मंतर पर शनिवार को कई घंटों तक नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के बाद कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया, लेकिन आयोजकों ने सरकार को एक सप्ताह का समय दिया है. CJP के प्रवक्ता आशीष रांका ने कहा कि सरकार के पास सात दिन का समय है. उन्होंने कहा कि या तो धर्मेंद्र प्रधान सम्मानपूर्वक इस्तीफा दें या फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें पद से हटाएं. यदि ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन पूरे देश में फैलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का समय आ गया है और इस बदलाव की शुरुआत जंतर-मंतर से हो चुकी है.

वहीं, इस प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि कुछ लोग विदेश में बैठकर भारत के युवाओं की दिशा तय करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा. उनका यह बयान उस समय आया जब जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में लोग परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |