पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने घूमने-फिरने आए युवकों के समूह की खुशियों को मातम में बदल दिया। शारदा सागर डैम से निकलने वाली खारजा नहर में नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना एसएसबी कैंप के पास की है, जहां युवक अपने दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करने पहुंचा था। देखते ही देखते वह तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गया और दोस्तों की आंखों के सामने पानी में समा गया।
जानकारी के अनुसार बरेली जिले के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव डारिया बीरम नगला निवासी मनीष उर्फ आकाश राठौर (21 वर्ष) पुत्र बहादुर अपने आठ दोस्तों के साथ शनिवार को शारदा सागर डैम क्षेत्र घूमने आया था। सभी दोस्तों ने पहले डैम क्षेत्र में समय बिताया और बाद में पास से गुजर रही खारजा नहर में नहाने का निर्णय लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाने के दौरान मनीष धीरे-धीरे नहर के उस हिस्से में पहुंच गया जहां पानी काफी गहरा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने के लिए शोर मचाया और पानी में उतरकर तलाशने का प्रयास भी किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। कुछ ही क्षणों में युवक पानी के भीतर गायब हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर सिंचाई विभाग और एसएसबी की टीम पहुंची। अधिकारियों ने तत्काल मोटरबोट की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। घंटों तक चले अभियान के बावजूद देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खारजा नहर का यह हिस्सा काफी गहरा है और यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद लोग चेतावनी की अनदेखी कर नहर में नहाने पहुंच जाते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नहरों और गहरे जलाशयों में नहाने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें।फिलहाल युवक की तलाश जारी है और प्रशासन को उम्मीद है कि फिर से चलाए जाने वाले सर्च अभियान में कोई सफलता मिल सकती है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।एसएसबी को भी सूचना दी गई, इसके बाद नगरिया कट से एसएसबी की बटालियन को बुलाया गया। एसएसबी के जवानों ने मोटर बोट की सहायता से नहर में युवक की तलाश शुरू कर दी।
