Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आरोपी को लेकर जा रही पुलिस की गाड़ी पर गिरा पीपल का पेड़



बिहार के समस्तीपुर से एक ऐसा सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। एक पल पहले सड़क पर सब कुछ सामान्य था, लेकिन अगले ही पल एक विशाल पीपल का पेड़ मौत बनकर चलती पुलिस गाड़ी पर टूट पड़ा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मियों और एक आरोपी को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

मामला समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी चौक के पास का है। यहां पटोरी उत्पाद विभाग की गाड़ी एक आरोपी को न्यायालय में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। गाड़ी समस्तीपुर-पटोरी मुख्य मार्ग से गुजर रही थी तभी अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर वाहन सामान्य रूप से चल रहे हैं। तभी अचानक जोरदार आवाज के साथ पेड़ सीधे चलती पुलिस की गाड़ी पर आ गिरता है। हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पेड़ गिरते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

पेड़ गिरने के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में गाड़ी का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं वाहन में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और आरोपी को भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद कुछ देर के लिए समस्तीपुर-पटोरी मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। प्रशासन ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से पेड़ को हटवाकर आवागमन बहाल कराया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सीसीटीवी में कैद यह मंजर बता रहा है कि कुछ सेकंड का अंतर किसी की जान भी ले सकता था। फिलहाल घायल चालक का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |