- अमेठी विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय नायकों के नाम पर बनवाए जा रहे तोरण द्वार
- देश के बहुजन महापुरुषों को अमेठी में दिया विशेष स्थान
अमेठी। महापुरुषों का जीवन संघर्ष, उनके आदर्श और समाजहित में किए गए कार्य हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते हैं। इसी उद्देश्य से अमेठी विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय नायकों की स्मृतियों को संजोने के लिए विधायक निधि से करीब दो दर्जन तोरण द्वारों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें बहुजन नायकों को भी विशेष स्थान दिया गया ळें यह बात अमेठी की विधायक महराजी प्रजापति ने संग्रामपुर के विशेषरगंज में बनाए गए छत्रपति शाहूजी महाराज द्वार के लिए आभार जताने पहुंचे पटेल समाज के कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान कही। विधायक ने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियां समाज को नई दिशा और प्रेरणा देती हैं। उन्होंने बताया कि कल्याणपुर चैराहे पर देश की महान महिला शासक अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में तोरण द्वार का निर्माण कराया गया है। वहीं अमेठी की साहित्यिक पहचान से जुड़े महान सूफी कवि मलिक मोहम्मद जायसी की स्मृति में रामनगर में द्वार स्थापित कराया गया है, जिसकी मांग स्थानीय साहित्यकारों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। सहज सरल और अपनी संवेदनशीलता के लिए लोकप्रिय विधायक महराजी प्रजापति ने कहा कि क्षेत्र में अन्य महापुरुषों के नाम पर भी स्मृति द्वारों की स्थापना कराई जा रही है, जिससे नई पीढ़ी उनके विचारों और योगदान से परिचित हो सके। समाजवादी पार्टी की विधायक महराजी प्रजापति ने कहा कि अमेठी का विकास और अमेठीवासियों की सेवा ही उनके परिवार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के मार्गदर्शन में शुरू किए गए जनसेवा के इस अभियान को ही हमारे द्वारा आगे बढ़ाया जा रहा है। इस दौरान क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने विधायक द्वारा महापुरुषों के सम्मान में कराए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
