अमेठीः राष्ट्रीय सोशल इम्पैक्ट अवार्ड से सम्मानित हुए समाज सेवी घनश्याम शर्मा व श्रीकांत शर्मा, जिले का बढ़ाया मान
June 29, 2026
अमेठी। रक्तदान के क्षेत्र में अतुलनीय व उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए अमेठी जनपद की तीन प्रमुख हस्तियों को रविवार, 28 जून 2026 को लखनऊ में आयोजित ‘संवेदना-2 रू राष्ट्रीय सामाजिक प्रभाव पुरस्कार समारोह’ में प्रतिष्ठित नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह समारोह टीम निफा उत्तर प्रदेश एवं वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस (इंग्लैंड) के संयुक्त तत्वावधान में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित हुआ। सम्मान प्राप्त करने वालों में महापद्मनंद वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष घनश्याम शर्मा (रानीपुर-करनाईपुर, अमेठी), एमडब्ल्यूओ अमेठी के जिलाध्यक्ष श्रीकांत शर्मा (माना मदनपुर, मुसाफिरखाना) तथा यूपी पुलिस रक्तदान क्लब के पदाधिकारी एवं मुसाफिरखाना में तैनात कांस्टेबल मोहित राजकुमार गुर्जर शामिल हैं।यह सम्मान कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती बबीता सिंह चैहान अध्यक्ष राज्य महिला आयोग, वैश्य नेटवर्क गोयल मंत्री लघु उद्योग उत्तर प्रदेश, संदीप बंसल राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, बाबा साहेब भीमराव विश्वविद्यालय लखनऊ के कुलपति प्रोफेसर राजकुमार मित्तल एवं निफा नेशनल प्रेसिडेंट डॉक्टर अश्वनी शेट्टी आदि के कर कमलों द्वारा दिया गया।,इन तीनों समाज सेवियों ने अमेठी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक सफल रक्तदान शिविर आयोजित कर सैकड़ों जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने तथा युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विशेष रूप से घनश्याम शर्मा ने जनपद के साथ-साथ अन्य जिलों में भी रक्तदान जनजागरण अभियान को नई पहचान दिलाई है। इस अवसर पर निफा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दुबे ने कहा कि, आप सभी का योगदान समाज में आशा जगाता है और आपकी करुणा वास्तविक परिवर्तन लाती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया ।अमेठी के तीनों समाजसेवियों को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से जनपद का गौरव बढ़ा है तथा युवाओं में रक्तदान के प्रति नई प्रेरणा और सकारात्मक संदेश पहुंचा है।
