अमेठीः सांसद किशोरी लाल शर्मा ने जनसंवाद के साथ शोकाकुल परिवार को दी सांत्वना
June 02, 2026
अमेठी। सांसद किशोरी लाल शर्मा ने अपने चार दिवसीय क्षेत्रीय दौरे के अंतर्गत सलोन, डीह एवं छतोह क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर आमजन से आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों में लोगों के बीच बैठकर ष्चाय पर चर्चाष् की और क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों तथा जनभावनाओं को गंभीरता से सुना। सांसद शर्मा ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता निरंतर बनी रहेगी।भ्रमण के दौरान सांसद श्री शर्मा गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के मिश्ररौली गांव पहुंचे, जहां पूर्व प्रधान स्वर्गीय राकेश शुक्ला के आकस्मिक निधन पर उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा परिजनों को इस दुखद घड़ी में धैर्य और साहस बनाए रखने का संबल दिया। सांसद ने कहा कि स्वर्गीय राकेश शुक्ला एक सम्मानित, लोकप्रिय एवं समाजसेवी जनप्रतिनिधि थे, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।सांसद के आगमन पर क्षेत्रवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और जनहित के प्रति उनकी संवेदनशीलता, सादगी तथा निरंतर जनसंपर्क की सराहना की।दौरे के अंतिम दिन 3 जून, बुधवार को सांसद श्री किशोरी लाल शर्मा केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय, गौरीगंज में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन से मुलाकात करेंगे तथा क्षेत्र भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। जनसेवा और जनसंवाद की इसी भावना के साथ उनका क्षेत्रीय दौरा लगातार जारी है।
