अमेठीः बस अड्डे के सामने अवैध पार्किंग, हादसे का बढ़ा खतरा
June 04, 2026
अमेठी। नगर के व्यस्ततम क्षेत्र बस अड्डे के सामने सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े किए जा रहे वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क के दोनों ओर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की पार्किंग से बसों, ऑटो और अन्य वाहनों के आवागमन में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क की चैड़ाई कम हो जाती है और जाम की स्थिति बन जाती है। बस अड्डे से निकलने वाली बसों को भी रास्ता बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार यात्रियों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।नागरिकों का कहना है कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं यातायात विभाग से मांग की है कि बस अड्डे के सामने अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए तथा वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात सुचारु हो सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की उदासीनता के कारण हालात दिन-प्रतिदिन गंभीर होते जा रहे हैं।
