Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

कांग्रेस का मिशन उत्तराखंड, देहरादून में पार्टी नेताओं के पेच कसेंगे राहुल गांधी


आगामी 2027 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी रणनीति के तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 और 5 जून को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी का यह दौरा केवल जनसभाओं तक सीमित नहीं होगा, बल्कि संगठन को नए सिरे से खड़ा करने और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है.

सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद शाम को वह पौड़ी में पूर्व सैनिकों से मुलाकात करेंगे और उनके मुद्दों पर चर्चा करेंगे. राहुल गांधी 4 जून की रात देहरादून में गुजारेंगे. 5 जून को राहुल गांधी देहरादून में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत बैठक करेंगे.

इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रमुख पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, NSUI और सेवादल के प्रतिनिधि शामिल होंगे. माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए जाएंगे. सूत्र बताते हैं कि राहुल गांधी के इस दौरे की मॉनिटरिंग प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ सह-प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा कर रहे हैं.

राहुल गांधी के दौरे के दौरान कुमाऊं क्षेत्र के अल्मोड़ा और गढ़वाल क्षेत्र के देहरादून में बड़ी राजनीतिक सभाओं की भी तैयारी की गई है. कांग्रेस नेतृत्व उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है. इसी कड़ी में पार्टी लगभग 200 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कर चुकी है. वहीं लंबे समय से लंबित प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी राहुल गांधी के दौरे के तुरंत बाद किए जाने की संभावना जताई जा रही है.

पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व उत्तराखंड में आंतरिक गुटबाजी को समाप्त कर संगठन को एकजुट करने पर विशेष जोर दे रहा है. राहुल गांधी का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को चुनावी मोड में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |